GGIC, केडी सिंह स्टेडियम और एलयू बना चैंपियन: खेलो इंडिया महिला लीग में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
लखनऊ, अमृत विचार : महिलाओं के खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अस्मिता खेलो इंडिया जिला महिला लीग का आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया गया। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस लीग में कबड्डी, हैंडबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हैंडबॉल में केडी सिंह बाबू स्टेडियम, कबड्डी में जीजीआईसी विकासनगर और वॉलीबॉल में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम चैंपियन बनी।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में जीजीआईसी विकासनगर ने फाइनल में दयानंद गर्ल्स कॉलेज को 37-12 से हराकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में दयानंद गर्ल्स कॉलेज ने एसकेडी एकेडमी को 38-12 से हराया, जबकि जीजीआईसी ने चौक स्टेडियम को 37-13 से पराजित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. हेमा बिंदु नायक ने किया, जबकि समापन पर समाजसेवी मुरलीधर आहूजा ने पुरस्कार वितरित किए।
हैंडबॉल में केडी सिंह स्टेडियम विजेता
हैंडबॉल के फाइनल में मेजबान केडी सिंह बाबू स्टेडियम ने केवी एएमसी को 10-7 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में केडी सिंह ने माउंट कार्मल को और केवी एएमसी ने जीजीआईसी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुरलीधर आहूजा ने किया।
वॉलीबॉल में लखनऊ विश्वविद्यालय चैंपियन
वॉलीबॉल के फाइनल में लखनऊ विश्वविद्यालय ने एसवीएफ को 15-10 से हराकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में एलयू ने डीपीएस और एसवीएफ ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। उद्घाटन लखनऊ वॉलीबॉल संघ के सचिव संजय कुमार सिंह ने किया।
ये भी पढ़ें :
LSG vs RR Head To Head: लखनऊ के नवाबों से भिड़ेंगे राजस्थान के रजवाड़े, ध्रुव जुरैल ने जीत के लिए भरी हुंकार, मार्करम का भरोसा ..जल्द लौटेगी लय
