UP: 14 साल पहले हुए दोहरे हत्याकांड में भाजपा नेता सहित सभी आठ आरोपी बरी
रामपुर, अमृत विचार। रामपुर शहर के 14 साल पुराने चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में भाजपा नेता अवधेश शर्मा सहित सभी आठ आरोपी सबूतों के अभाव में बरी हो गए हैं। जिला जज भानु देव शर्मा ने ने साक्ष्यों के अभाव में सभी आठों आरोपियों को बरी कर दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ज्वालानगर शिव विहार कॉलोनी में 17 मार्च 2012 को नाले में दो बाइक सहित दो युवकों के शव बरामद हुए थे। दोनों की पहचान आगापुर निवासी अजय यादव और भोट थाना क्षेत्र के मिलक बिचौला गांव निवासी जुल्फिकार के रूप में हुई थी। मृतकों के परिजनों की ओर से आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मुकदमे में ज्वालानगर निवासी शिव सेना जिला प्रमुख अनुराग शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष व सभासद के पति अवधेश शर्मा, आगापुर निवासी प्रदीप पंडित, शहजादनगर थाना क्षेत्र के रायपुर का मझरा निवासी कल्लू, मुरादाबाद जनपद के थाना मूंढापांडे अंतर्गत धतुर्रा मेघानगला गांव निवासी मुकेश, उसका भाई बंटी, जनपद बदायूं के थाना मिठवा निवासी विक्की पंडित और ज्वालानगर निवासी वासी उर्रहमान उर्फ शबलू को नामजद किया गया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। मुकदमे की सुनवाई जिला सत्र न्यायालय में हुई। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अनुराग शर्मा की मृत्यु हो गई थी। उनकी भी हत्या की गई थी, जबकि मुकदमे में बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक छत्रपाल यादव को भी बाद में तलब कर आरोपी बनाया गया था। छत्रपाल यादव ने अपने बचाव में अधिवक्ता के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। न्यायालय ने उनका प्रार्थना पत्र स्वीकार कर चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल प्रवीण कुमार सिंह को नियुक्त किया। भाजपा नेता की ओर से अधिवक्ता सचिन अग्रवाल व अन्यों की ओर से अधिवक्ता श्याम लाल ने पैरवी की। मामले में साक्ष्यों के अभाव में जिला जज ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया।
