Bareilly : दरोगा के कमरे में लड़की की सूचना पर दौड़े हिन्दूवादी, उलटी लिख गई रपट

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

थाना सीबीगंज क्षेत्र में आईटीआर कालोनी का मामला

बरेली, अमृत विचार। थाना सीबीगंज क्षेत्र में स्थित आईटीआर कालोनी में गुरुवार सुबह अजीब बखेड़ा हो गया। इज्जतनगर थाने में तैनात दरोगा के क्वार्टर में संदिग्ध लड़की होने की शिकायत पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दौड़े-दौड़े वहां पहुंच गए। पुलिस भी बुला ली मगर दरोगा ने युवती को कामवाली बताया। देर तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। शाम होते-होते युवती ने तीन लोगों के खिलाफ युवती ने गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश के आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखा दी। हिन्दूवादियों ने आरोप गलत बताते हुए अफसरों के सामने सच रखने की बात कही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इज्जतनगर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर जावेद अली के आवास पर 6-7 महीने से घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही महिला पर गलत आरोप लगाकर गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश की गई। इसे लेकर मामला दर्ज किया गया है। घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार और गौ रक्षक निर्दोष राठौर का पक्ष है कि आईटीआर कालोनी में रहने वाले लोगों ने दरोगा के क्वार्टर में गलत गतिविधियां होने की सूचना दी थी। पता होने पर कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे थे। डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस भी बुला ली थी। सबके सामने क्वार्टर खुलवाया गया था तो अंदर कथित रूप से नर्सिंग की ड्रेस बताया जा रहा सफेद गाउन मिला था। अंदर मौजद युवती उस समय वहां से हट गई और बाद में रिपोर्ट लिखा दी। बजरंग दल नेता रोहित गंगवार, निर्दोष राठौर व कालोनी के श्यामपाल पर लगाए गए आरोप निराधार बताए गए हैं। साक्ष्य के रूप में फोटो-वीडियो भी मौजूद हैं। आरोप लगाया गया है कि दरोगा ने कथित रूप से आईटीआर कालोनी में क्वार्टर कब्जा रखा था और इज्जतनगर थाने में तबादला होने के बाद भी खाली नहीं किया था। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।

युवती की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपों की गहराई से छानबीन कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -प्रदीप चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर सीबीगंज।

संबंधित समाचार