उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा : खाई में गिरा वाहन, 8 लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ/टिहरी : उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया है। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गयी है। यह हादसा चंबा-कोटी मार्ग पर होना बताया जा रहा है।

दरअसल, चंबा - कोटी मार्ग पर गुरुवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 लोगों को बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कि यूटिलिटी वाहन संख्या यूके 09 टीए 1799 ऋषिकेश से घनसाली जा रहा था। इसी बीच चंबा–कोटी मार्ग पर नैल के पास वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।

टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, सभी हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर वापस लौट रहे थे। वाहन में 9 से 10 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि, 2 लोगों का बचा लिया गया। 

इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को हालात पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।

रुद्रप्रयाग : सड़क दुर्घटना में तीन की मौत

इससे पहले बुधवार रात भी उत्तराखंड में एक सड़क हादसा और हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में हुआ था। पुलिस ने बताया कि भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर हुई दुर्घटना की सूचना बुधवार मध्यरात्रि के करीब मिली। जिसके बाद तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव एवं राहत अभियान चलाया गया । पुलिस के मुताबिक, भीरी से औरिंग जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क से 250 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गयी । हादसे में कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी, जिनकी पहचान नवीन सिंह (30), अमित सिंह (35) और अंशुल (28) के रूप में हुई है । दुर्घटना का शिकार हुए सभी युवक स्थानीय थे । हादसे के कारण का फिलहाल पता नहीं चला है । 

संबंधित समाचार