यूपी को जल्द मिलेंगे 5 नए स्टेडियम, खेल ढांचे को मिलेगी रफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : योगी सरकार प्रदेश में खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में राज्य को जल्द ही पांच नए स्पोर्ट्स स्टेडियम मिलने जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपने ही जिलों में प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रदेश में इस समय 71 जिलों में 84 स्पोर्ट्स स्टेडियम संचालित हैं, जबकि गाजीपुर, चंदौली, हापुड़, संभल और शामली में नए स्टेडियम निर्माणाधीन हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को उभरने का बड़ा मंच मिलेगा। निर्माण प्रगति की बात करें तो गाजीपुर में स्टेडियम का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि हापुड़ में करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। संभल में निर्माण 26 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और शामली में कार्य शुरू हो चुका है। चंदौली में स्टेडियम निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।

खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का माहौल मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे स्टेडियम

इन स्टेडियमों में मल्टीपर्पज हॉल, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन व टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, जिम, हॉकी-फुटबॉल मैदान और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का वातावरण मिलेगा।

खिलाड़ियों को मिलेगा स्थानीय अवसर

नए स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्हें अपने ही जनपद में अभ्यास और प्रतियोगिता की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।

संबंधित समाचार