मथुरा : हथियार बंद बदमाशों ने व्यापारी को घर में बोला धावा, परिवार को बंधक बनाकर की लूटपाट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुथरा में सुरीर थाना क्षेत्र के टैंटी गांव में गुरुवार देर रात हथियार बंद बदमाशों ने व्यापारी के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने व्यापारी और उसके परिवार को बंधक बनाया और उसके बाद लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश जाते जाते सीसीटीवी कैमरे और उसकी डीबीआर को भी अपने साथ ले गए। वारदात के बाद से पीड़ित व्यापारी परिवार दहशत में है। 

टैंटी गांव में हरिया रोड पर अजय अग्रवाल की खल चुनी की दुकान है। दुकान के ऊपर ही मकान बना हुआ है जहां वह पत्नी और पिता के साथ रहते हैं। कल देर शाम को अजय अग्रवाल दुकान बंद कर सोने के लिए अपने कमरे में चले गए। अजय अग्रवाल और उनकी पत्नी नीचे सोए हुए थे जबकि उनके पिता मकान के ऊपरी मंजिल पर सोए हुए थे।

कल देर रात करीब एक बजे अज्ञात हथियार बंद पांच से ज्यादा बदमाश अजय अग्रवाल के मकान में घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले मकान के नीचे के हिस्से में सोए हुए अजय अग्रवाल और उनकी पत्नी को हथियारों के बल पर बंधक बनाया। इस दौरान ऊपर की मंजिल पर मौजूद बदमाशों ने अजय अग्रवाल के पिता को बंधक बना लिया।

इसके बाद बदमाशों ने अजय अग्रवाल से अलमारी और तिजोरी की चाबी मांगी। बंधक बने अजय अग्रवाल ने हथियार बंद बदमाशों को चाबी दे दी। जिसके बाद बदमाशों ने बड़े इत्मीनान से घर के हर हिस्से की तलाशी ली। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि बदमाश उनके पास मौजूद नगद तीन लाख रुपए, हाथों में पहनी अंगूठी, पत्नी के कानों में पहने कुंडल के अलावा अन्य आभूषण लूट ले गए। 

पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब 30 लाख रुपए से ज्यादा की लूट कर गए। वारदात की जानकारी मिलते ही सुरीर पुलिस सकते में आ गई। मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी गई। हथियारों के बल पर पांच से ज्यादा बदमाशों द्वारा की गई लूट की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने पीड़ित व्यापारी से वारदात की जानकारी ली। इसके बाद बदमाशों की धर पकड़ के लिए टीम बना दी।  

संबंधित समाचार