लखनऊ विश्वविद्यालय में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया, 31 मई तक विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए होगा आवेदन, जानें पूरी details

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लर्न पर आईडी बनाने के बाद प्रोफाइल बनानी होगी, उसके बाद होगा आवेदन

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विश्वविद्यालय ने आगामी सत्र में प्रवेश के लिए प्रक्रिया आरंभ कर दी है। विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2026-27 के लिए शुक्रवार से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसके लिए अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://lkounivadm.samarth.edu.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 1200 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए सामान्य वर्ग के लिए 1500 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 750 रुपये शुल्क तय किया गया है।

जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है, उनमें बीए (एनईपी), बीएससी प्राणीविज्ञान (एनईपी), बीएससी गणित (एनईपी), बीएससी कृषि, बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम (एनईपी), एलएलबी पांच वर्षीय, बीसीए, बीबीए, डी फार्मा, बीए-बीएससी योगा, बीवॉक (नवीकरण ऊर्जा), शास्त्री, बीवीए-बीएफए, बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, बीजेएमसी (महाविद्यालयों के लिए) और बीएड (महाविद्यालयों के लिए) समेत कई पाठ्यक्रम शामिल हैं, जिनमें आवेदन प्रक्रिया गतिमान कर दी गई है।

लखनऊ विश्वविद्यालय की केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत समर्थ पोर्टल के माध्यम से सत्र 2026-27 का पंजीकरण ‘लर्न’ (एलयूआरएन) के जरिए किया जाएगा। लर्न में पंजीकरण के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सबसे पहले लखनऊ विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट lkouniv.ac.in पर जाना होगा। इसके बाद वेबसाइट के एडमिशन पेज या पॉप-अप में दिए गए लर्न लिंक पर क्लिक करना होगा। रजिस्ट्रेशन पेज पर ‘न्यू रजिस्ट्रेशन’ विकल्प पर क्लिक कर लॉगिन आईडी बनानी होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। अभ्यर्थियों को एक वैध ईमेल आईडी रखना अनिवार्य होगा, क्योंकि ओटीपी उसी पर प्राप्त होगा। इसके बाद लॉगिन कर नाम, पिता का नाम, माता का नाम सहित अन्य विवरण भरकर प्रोफाइल पूरी करनी होगी और 100 रुपये शुल्क जमा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की जा सकेगी।

संबंधित समाचार