नोएडा श्रमिक आंदोलन : कारोबारियों और श्रमिकों के बीच समन्वय स्थापित के लिए प्रशासन ने उठाया यह बड़ा कदम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में हाल ही में हुए हिंसक श्रमिक आंदोलन के बाद जिला प्रशासन ने कारोबारियों और श्रमिकों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन ने नोएडा के सभी औद्योगिक सेक्टरों को चार जोन में बांट दिया है और इन चारों जोन के लिए जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। इस निर्णय का उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना और दोनों पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। 

जिला प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इस विशेष प्रक्रिया के संबंध में शुक्रवार को जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि,जिला प्रशासन ने नोएडा के सेक्टर-1 से लेकर सेक्टर-69 तक के सभी औद्योगिक सेक्टरों को चार अलग-अलग जोन में विभाजित किया है। इसके तहत प्रत्येक जोन के लिए एक जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, साथ ही हर सेक्टर के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, जिनका मुख्य काम शांति व्यवस्था बनाए रखना और श्रमिकों और कारोबारियों के बीच समन्वय स्थापित करना होगा। 

जोन-1 के तहत सेक्टर-1 से 6 तक के औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। इस जोन का जोनल मजिस्ट्रेट शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को नियुक्त किया गया है। उनके साथ डीपी सिंह (ओएसडी, नोएडा प्राधिकरण), बच्चू सिंह (अपर जिलाधिकारी) और अभिषेक पाठक (ओएसडी) भी जोनल मजिस्ट्रेट के तौर पर कार्य करेंगे। 

इन अधिकारियों के नेतृत्व में वेद प्रकाश पांडे (डिप्टी कलेक्टर), पुष्पा यादव (मीना भार्गव, जीएम प्लानिंग), आरपी सिंह (जीएम जल) जैसे अनुभवी सेक्टर मजिस्ट्रेट सेक्टर-1 से लेकर सेक्टर-6 तक के कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। जोन-2 में सेक्टर-7 से लेकर सेक्टर-16 तक के औद्योगिक क्षेत्रों का समावेश है। इस जोन के जोनल मजिस्ट्रेट के तौर पर डीपी सिंह की नियुक्ति की गई है। 

उनके साथ अरविंद कुमार (ओएसडी), एके आरोरा (जीएम), एसपी सिंह (जीएम) और अरविंद कुमार पाठक (डिप्टी कमिश्नर) सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य करेंगे। इनका मुख्य कार्य सेक्टर-7 से सेक्टर-16 तक के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और समन्वय स्थापित करना होगा। जोन-3 में सेक्टर-63 से लेकर सेक्टर-65 तक के औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस जोन के जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में बच्चू सिंह की नियुक्ति की गई है। 

उनके साथ चारुल यादव (उप जिलाधिकारी), रामानुज मिश्रा (डिप्टी कमिश्नर), वेद प्रकाश, जय प्रकाश शुक्ल और हेमकांत सिंह जैसे अनुभवी अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। यह टीम सेक्टर-63 से लेकर सेक्टर-65 तक के कार्यों की निगरानी करेगी और श्रमिकों और कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखेगी। जोन-4 में सेक्टर-57 से लेकर सेक्टर-69 तक के औद्योगिक क्षेत्रों का समावेश है। 

इस जोन के जोनल मजिस्ट्रेट के तौर पर अभिषेक पाठक की नियुक्ति की गई है। उनके साथ अरविंद कुमार मिश्रा (नगर मजिस्ट्रेट), विकास कुमार, अनुज कुमार, उमेश, शिखा तिवारी और मनोज कुमार जैसे सेक्टर मजिस्ट्रेट कार्य करेंगे। यह टीम सेक्टर-57 से लेकर सेक्टर-69 तक के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखेगी और सभी औद्योगिक गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी उठाएगी। जिला प्रशासन के इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि श्रमिकों और कारोबारियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित होगा।

इसके अलावा, प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी हिंसक घटना न हो और उद्योगों में कामकाजी माहौल सामान्य बना रहे। इस फैसले से न केवल स्थानीय उद्योगों को स्थिरता मिलेगी, बल्कि श्रमिकों के हक और उनके कल्याण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। नोएडा प्राधिकरण और प्रशासन के अधिकारी इसे अपने क्षेत्र के विकास और शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानते हैं। 

संबंधित समाचार