आईपीएल 2026 : साई सुदर्शन का शतक, गुजरात टाइटंस ने बेंगलुरु को दिया 206 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बेंगलुरु। साई सुदर्शन की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आज यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़कर अपनी टीम अच्छी शुरुआत दिलाई।

13वें ओवर में सुयश शर्मा ने शुभमन गिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शुभमन गिल ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। 16वें ओवर में जॉश हेजलवुड ने शतक बना चुके साई सुदर्शन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया।

साई सुदर्शन ने 58 गेंदों में 11 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 100 रनों की पारी खेली। 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जॉस बटलर को आउट कर आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई। जॉस बटलर ने 16 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 25 रन बनाये। जेसन होल्डर ने पारी के आखिरी ओवर में दो छक्के एक चौका और एक रन बनाकर गुजरात का स्कोर 200 रनों के पार पहुंचाया।

गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जेसन होल्डर ने 10 गेंदों में एक चौका और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 23 रनों की पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर ने 12 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। आरसीबी के लिए सुयश शर्मा, जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।  

संबंधित समाचार