हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर छाया LSG का जादू: केन विलियम्सन, अर्जुन तेंदुलकर समेत स्टार खिलाड़ियों ने फैंस के साथ की यादगार मुलाकात

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर शनिवार को उत्साह का माहौल रहा, जब आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाड़ी ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस आयोजन ने मेट्रो यात्रियों और क्रिकेट प्रेमियों को अपने पसंदीदा सितारों से मिलने का अवसर दिया।

कार्यक्रम में एलएसजी के रणनीतिक सलाहकार और पूर्व कीवी कप्तान केन विलियम्सन, बल्लेबाज मुकुल चौधरी, ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर और स्पिनर एम. सिद्धार्थ पहुंचे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। मेट्रो की ओर से आयोजित ‘सेल्फी कॉन्टेस्ट’ के विजेताओं के लिए यह दिन खास रहा। विजेताओं ने खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाई और एलएसजी की आधिकारिक टी-शर्ट पाकर खुशी जताई।

इस दौरान युवा क्रिकेटरों के लिए विशेष संवाद सत्र भी हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने खेल की बारीकियों, मानसिक मजबूती और अनुशासन पर अपने अनुभव साझा किए। इससे उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली। मेट्रो भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने स्टेशन की स्वच्छता और दीवारों पर बनी स्थानीय कला की सराहना की।

यह लखनऊ मेट्रो और एलएसजी की साझेदारी का चौथा वर्ष है। मैचों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवा रात 12:30 बजे तक जारी रहेगी। साथ ही इकाना स्टेडियम तक ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे दर्शकों को आवागमन में आसानी होगी।

संबंधित समाचार