Bareilly: 90 दिन में ले लें पीएनजी कनेक्शन, इसके बाद नहीं दी जाएगी एलपीजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी की पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां के निवासियों को 90 दिनों के भीतर कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। इसके बाद उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में तेल और गैस कंपनियों के प्रबंधकों के साथ बैठक में डीएम ने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। बैठक में सीयूजीएल के अफसरों ने जानकारी दी कि ग्रीन पार्क और महानगर के 80 प्रतिशत घरों में पीएनजी पहुंच चुकी है, सुभाषनगर के शांति विहार में भी आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

इस पर डीएम ने पीएनजी के दायरे को तहसील स्तर तक बढ़ाने और कनेक्शन पर दी जाने वाली छूट की सीमा में भी वृद्धि करने के निर्देश दिए। एलपीजी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालयों पर छायादार टेंट और ठंडे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल और सीयूजीएल के अधिकारी व पेट्रोल पंप मालिक उपस्थित रहे।

अन्नपूर्णा भवनों के लिए पांच मई तक भूमि चयन के निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक में सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अन्नपूर्णा भवनों के लिए पांच मई तक ग्राम समाज, बंजर या नवीन परती भूमि का चयन करें। इन भवनों का संचालन स्वयं सहायता समूहों को सौंपा जाएगा। जिले में निरस्त किए गए 72 हजार राशन कार्डों के सापेक्ष आए 25 हजार नए आवेदनों की पात्रता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। बैठक में सीडीओ देवयानी, डीएसओ मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार