बड़े मंगल भंडारे अब होंगे प्लास्टिक मुक्त: लखनऊवासियों से स्वच्छता के साथ भावपूर्ण भंडारा लगाने की अपील
लखनऊ, अमृत विचार: आगामी 5 मई से प्रारंभ हो रहे ज्येष्ठ मास के बड़े मंगलों पर आयोजित होने वाले भंडारों को इस बार प्रदूषण मुक्त, हरित और स्वच्छता युक्त मनाना है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल एवं मंगलमान अभियान के संयोजक प्रो. रामकुमार तिवारी शनिवार को पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने लखनऊ वासियों से स्वच्छता के साथ भावपूर्ण भंडारा लगाने का अनुरोध किया।
संदीप बंसल ने कहा कि इस बार सौभाग्य से ज्येष्ठ के दो मास हैं और कुल बड़े मंगल आठ होंगे। इसलिए भंडारों की संख्या भी राजधानी में बढ़ने वाली है परन्तु भंडारा पॉलीथिन एवं प्रदूषण मुक्त हो और एक भी दोना पत्तल सड़क पर न दिखाई पड़े तब माना जाएगा के भंडारा भाव के साथ स्वच्छता पूर्ण ढंग से लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बार के भंडारों को विशेष पहचान देने के लिए सामाजिक संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिन्होंने स्वयं आगे बढ़कर राजधानी में आयोजित होने वाले भंडारों में श्रमदान करने का निर्णय लिया है। संदीप बंसल ने कहा कि इस संदर्भ में भंडारा आयोजकों की एक बैठक आयोजित हो चुकी है। एक मंगल महोत्सव का आयोजन आगामी दो मई को किया जा रहा है। इस दौरान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, स्वदेशी जागरण मंच के अनुपम श्रीवास्तव, अनुज गौतम, संजयनिधि अग्रवाल, अनिल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
