Bareilly: आसमान में धुएं का गुबार देख दहशत में आए लोग...केबिल के पाइप में लगी थी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र प्लास्टिक पाइपों आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया था।
घटना रविवार दोपहर प्रेमनगर थाना क्षेत्र के एमबी इंटर कॉलेज की है। यहां पास में ही अंडरग्राउंड केबिल बिछाने का काम किया जा रहा था। जिसके चलते केबिल को कवर करने में इस्तेमाल होने वाला प्लाटिक पाइप के बंच एमबी इंटर कॉलेज के खाली पड़े मैदान में रखे गए थे। अचानक इन पाइपों ने आग पकड़ लगी। प्लास्टिक होने की वजह से आग की तीव्रता काफी थी। दूर तक धुआं दिखाई देने लगा।
देखते ही देखते आसमान में धुएं का गुबार छा गया। लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं लगा है।
