Moradabad: बुध बाजार में चार दिन से ठप विद्युत आपूर्ति, कारोबार प्रभावित
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में चार दिन पूर्व आई आंधी से अभी तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। मानपुर, बुध बाजार स्थित साईं काम्प्लेक्स परिसर, नगर की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक मार्केट सुपर बाजार में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। लगातार अंधेरे और उमस भरी गर्मी के बीच व्यापारियों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।
बुधबाजार के दुकानदारों में रविवार को बिजली विभाग के खिलाफ का बड़ा आक्रोश देखने को मिला। दुकानदारों का कहना है कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। बिजली न होने के कारण दुकानें समय से नहीं खुल पा रही हैं और जो खुल रही हैं, उनमें भी ग्राहक कम आ रहे हैं। फ्रीज, कूलर और अन्य बिजली आधारित उपकरण की मार्केट में बिना बिजली के कार्य पर गहरा असर पड़ रहा है। वहीं घरों में खाद्य सामग्री भी लंबे समय से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण खराब होने का भी खतरा हो रही है।
व्यापारी दीपू प्रभाकर ने बताया कि चार दिन से बिजली नहीं है, जिससे पूरा कारोबार चौपट हो गया है। ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और रोजाना नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं सुपर आजार के मोबाइल पार्टस व बिजली के उपकरणों के विक्रेता अमित रस्तोगी ने कहा कि बिल समय से जमा करने के बावजूद अगर बिजली न मिले तो यह सीधी लापरवाही है। सिर्फ मानपुर ही नहीं, बल्कि कांठ, बिलारी, कुंदरकी और मूंढापांडे क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बीते दो दिनों से सुचारू नहीं हो सकी है। ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर बिजली के पोल टूटे पड़े हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं हो पाई है। इससे बिजली बहाली में लगातार देरी हो रही है और लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है।
बिजली संकट का असर अब पेयजल व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति विद्युत मोटरों पर निर्भर है, ऐसे में बिजली न होने के कारण पानी की भारी किल्लत उत्पन्न हो गई है। लोग दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि आंधी के बाद जिले में निरंतर मरम्मत का कार्य चल रहा है। बिजली आपूर्ति सुचारु कराने के लिए सभी लोग जुटे हैं, जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार मिलेगा।
