Bareilly: पारा 41 के पार, बिजली कटौती से हाहाकार, किला में दो ट्रांसफार्मर फुंके, आजमनगर कटौती बनी मुसीबत
बरेली, अमृत विचार। गर्मी में आसमान से आग बरस रही है। ऊपर से शहर से लेकर देहात तक में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में हाहाकार मच गया है। किला क्षेत्र में शनिवार की रात लोड अधिक होने से दो ट्रांसफार्मर फुंक गए जिससे रात भर कई इलाकों में बिजली का संकट बना रहा। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान होते रहे। बिजली अपूर्ति से संबंधित शिकायतें विभागीय हेल्पडेस्क पर पहुंचती रहीं। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने सीबीगंज सबस्टेशन पर निरीक्षण किया।
किला सबस्टेशन के छोटी वमनपुरी और बारादरी मोहल्ला में शनिवार की रात दो ट्रांसफार्मर फुंकने से रात में बिजली का संकट रहा। रविवार की सुबह टीम ने ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति को बहाल कराया गया। हरूनगला सबस्टेशन के रामगंगानगर में लोकल फाल्ट के चलते रविवार को दो घंटे तक बिजली का संकट रहा। दुर्गानगर, राजेन्द्रनगर और सुभाषनगर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में एक फेस नहीं आने की समस्या रही। महानगर सबस्टेशन के उत्सव महानगर में भी रविवार की दोपहर से लेकर 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्वालेनगर में दोपहर 3 से लेकर शाम 6 बजे तक बिजली का संकट बना रहा।
सनसिटी सबस्टेशन पर नए ट्रांसफार्मर पर काम कराने के चलते शटडाउन होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। शनिवार की रात और रविवार को भी पीलीभीत बाईपास के पवन विहार में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। सनसिटी सबस्टेशन के पीरबहोड़ा फीडर पर रविवार की दोपहर रोड चौड़ीकरण के काम के चलते जेसीबी ने पोल में टक्कर मार दी। आजमनगर निवासी अधिवक्ता खालिद जिलानी ने बताया कि सुबह से लेकर दोपहर तक क्षेत्र में बिजली का संकट बना रहा। मध्यांचल मुख्यालय में शिकायत करने के बाद दोपहर 2 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके अलावा डेलापीर, शाहदाना, परसाखेड़ा और सदर कैंट सबस्टेशन पर भी लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान होते रहे।
डीडीपुरम सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में आज पांच घंटे गुल रहेगी बिजली
33 केवी लाइन पर काम कराने के चलते आज डीडीपुरम सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में पांच घंटे बिजली गुल रहेगी। 33 केवी के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि बिजनेस प्लान के चलते सोमवार को डीडीपुरम की 33 केवी लाइन पर रिकंडक्टरिंग का काम कराया जाएगा। जिसके चलते 33 केवी डीडीपुरम से संबंधित क्षेत्र संजयनगर, माडल टाउन, ब्रहम्पुरा, कृतिनगर के साथ कंपनी गार्डन से संबंधित क्षेत्र कैलाश टावर, पुराना आरटीओ कार्यालय, काशीनाथ कोठी, पुराने बिजली घर के पास गली में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक का शटडाउन रहेगा।
परसाखेड़ा, सीबीगंज में निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य अभियंता
शहर में लगातार बिजली कटौती को देखते हुए मुख्य अभियंता ने अब मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को अवकाश के दिन भी बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश सीबीगंज और परसाखेड़ा सबस्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बिजली आपूर्ति से संबंधित रजिस्टर देखा। इसके अलावा क्षेत्र के लोगों से बिजली आपूर्ति की स्थिति जानी। मुख्य अभियंता ने निर्देश दिए कि आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर तत्काल कर्मचारियों को भेजकर उसका समाधान कराया जाए।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि गर्मी में बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए लगातार सबस्टेशनों पर निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों को पीक समय में सबस्टेशन पर तैनात किया गया है जिससे फाल्ट होने पर उसे तुरंत ठीक कराकर आपूर्ति को बहाल कराया जा सके।
