UP:अवकाश वाले दिन नहीं कटेंगे कनेक्शन, जीरो बैलेंस पर चलेंगे मीटर
बदायूं, अमृत विचार। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर मुख्यमंत्री ने एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस कमेटी की रिपोर्ट आने तक स्मार्ट प्रीपेड मीटर धारकों को कुछ राहत मिल गयी है। रिपोर्ट आने तक अवकाश के दिनों में कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे और न ही जीरो बैलेंस होने पर सप्लाई बंद की जाएगी। इन आदेशों को लेकर आज एसडीओ और अधिशासी अभियंताओं की बैठक में जानकारी दी गई।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में जिले व प्रदेश भर में प्रदर्शन किए गए। बिजली उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर भी नहीं लगाने दिए, जिसके बाद मुख्यमंत्री को इस पर संज्ञान लेना पड़ा। मुख्यमंत्री द्वारा जारी आदेश में इस मामले की जांच करने को एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्मार्ट-प्रीपेड मीटर में उठ रहे तकनीकी मुद्दों की समीक्षा के लिए एक तकनीकी समिति बनाकर परीक्षण किया जाए और तब तक पुराने मीटरों को स्मार्ट-प्रीपेड मीटर से न बदला जाय। जहां प्रीपेड मीटर लग चुके हैं उनमें बैलेंस शून्य होने पर भी अगले 3 दिन अथवा दो किलोवाट तक के कनेक्शन पर 200 रुपए तक के नेगेटिव बैलेंस होने तक बिजली न काटी जाए। रविवार या त्योहार, अवकाश के दिन बिजली न काटी जाय।
स्मार्ट मीटर में बैलेंस कम होने पर एसएमएस व कॉल के माध्यम से उपभोक्ताओं को सतर्क किया जाय। बिल का भुगतान करने के बाद तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल की जाय। इसके लिए टीम लगाकर रात-दिन तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्था किया जाय। स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान शीघ्र किया जाय।
टीम के साथ करें अच्छा व्यवहार
अधिशासी अभियंता प्रथम अरविंद कुमार ने कहा कि आज की बैठक में उपभोक्ताओं को हिदायत दी गयी है कि बिजली विभाग की टीम अगर उनके यहां पहुंचती है तो उसके साथ गलत व्यवहार न किया जाए। टीम द्वारा मांगी गई जानकारी दी जाए। अगर उपभोक्ता को किसी तरह की शिकायत है तो उसे दर्ज कराया जाए जिससे उसका समय पर निस्तारण कराया जा सके। विभाग ने सभी बिजली घरों को नियमित बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। तकनीकी कमियों को सुधारा जा रहा है। गर्मी में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
