महराजगंज : शिव मंदिर परिसर में मांस का लोथड़ा मिलने की शिकायत से हड़कंप, पुलिस संरक्षण में बाल अपचारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र स्थित खोरिया शिव मंदिर परिसर में मांस का लोथड़ा फेंके जाने की शिकायत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोनू मोदनवाल निवासी सिसवा उर्फ खोरिया बाजार ने सूचना दी थी कि 19 अप्रैल की रात करीब नौ बजे ग्राम खोरिया स्थित शिव मंदिर में मुर्गे का मांस फेंककर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया गया है। सूचना के आधार पर थाना नौतनवा में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बाल अपचारी को संरक्षण में लिया और अग्रिम विधिक प्रक्रिया प्रारंभ की। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया है कि यह कृत्य 13 वर्षीय नाबालिग द्वारा किया गया था। उसके माता-पिता को बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई है। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि मांस का टुकड़ा मंदिर परिसर के अंदर नहीं, बल्कि बाहर गिरा हुआ पाया गया था। यह घटना दो दिन पूर्व की है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है। किसी प्रकार का तनाव नहीं है। एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा गांव में लगातार गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। 

संबंधित समाचार