सीतापुर : 17 घंटे बाद समाप्त हुआ कांग्रेस सांसद राठौर का आमरण अनशन, प्रशासन ने मानी गलती, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर का आमरण अनशन सोमवार दोपहर बाद अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में समाप्त हो गया। प्रशासन द्वारा अपनी गलती स्वीकार किए जाने के बाद 17 घंटे से जारी अनशन समाप्त कराया गया।

सांसद राकेश राठौर ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस प्रशासन ने बिना नोटिस और बिना कारण बताए उन्हें हाउस अरेस्ट कर उनके संवैधानिक अधिकारों और सांसद विशेषाधिकारों का खुला उल्लंघन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें न केवल उनके निवास स्थान पर रोका गया, बल्कि उनके दैनिक जनसंपर्क और जनता के मुद्दों से जुड़े कर्तव्यों के निर्वहन में भी बाधा डाली गई, जो एक जनप्रतिनिधि के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि इस घटना से आहत होकर उन्होंने आमरण अनशन शुरू किया, जो लगभग 17 घंटे तक चला। इस दौरान सीतापुर की राजनीति और प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। अंततः अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ सिटी, थाना अध्यक्ष हरगांव एवं तालगांव की उपस्थिति में सांसद राकेश राठौर, डॉ. बृज बिहारी, कांग्रेस उपाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह तथा कांग्रेस जिला प्रवक्ता के बीच वार्ता हुई।

बातचीत के दौरान प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम में अपनी गलती स्वीकार की और आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की चूक दोबारा नहीं होगी। इसके बाद सांसद ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। इस अवसर पर अनुप्रिया वर्मा, सुनीला रावत, सुनीता चौधरी, हसीना खातून, रोशनी गुप्ता, महेंद्र सिंह यादव, अमरजीत, अंकित भार्गव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार