Bareilly: मरीज-एंबुलेंस सड़कों पर विवश, आधे शहर में जाम दिवस

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी में शहर बरेली को आज ‘जाम दिवस’ झेलना पड़ा। गंगा एक्सप्रेस वे के जलसे में बरेली रीजन की भरपूर भागीदारी दिखाने के लिए परिवहन निगम वालों ने बसों के बेड़े सुबह से ही सैकड़ों खाली बसों के बेड़े सैटेलाइट से ईसाई-मालियों की पुलिया तक खड़े करा दिए थे, जिसकी वजह से पूरा ट्रैफिक सिस्टम पटरी से उतर गया।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा होने से महानगर में पहले से ही हजारों हजार अभ्यर्थियों रैला उमड़ा था। उस पर, रही सही कसर बेवजह खड़ी बसों ने पूरी कर दी। जाम में फंसकर वाहन रेंगते रहे। मरीज-एंबुलेंस, महिलाएं, बच्चे तड़पते रहे। एसपी ट्रैफिक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने निकले तो वे अटके दिखे।

अभी दो दिन पहले उर्स और होमगार्ड भर्ती परीक्षा में भारी भीड़ का आंकलन कर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया था। उर्स का आयोजन सही से निपट गया और आज होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी अंतिम दिन था। दावे थे कि ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य तरीके से चलती रहेगी मगर सुबह से ही सैटेलाइट बस अड्डे से लेकर मालियों की पुलिया तक खड़ी कराईं गई रोडवेज की खाली बसों की वजह से सब गड़बड़ हो गया। पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कार, बाइक, ऑटो सवार लोग बहुत परेशान हुए। एक ही स्थान पर देर तक गर्मी में फंसे रहे। शाम होते-होते हालात और बिगड़ गए। सड़कों के किनारे खाली खड़ीं बसों की वजह से यातायात दबाव बहुत बढ़ गया था। जिसकी वजह से रात तक जाम का पेंच फंसा रहा। लोग ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे। रात में तो सेटेलाइट से शुरू हुआ जाम बियावानी कोठी तक जा पहुंचा।

बरेली कॉलेज पर फंसा रहा जाम का पेंच
बरेली। होमगार्ड भर्ती परीक्षा छूटने के समय शाम को बरेली कालेज गेट पर भीषण जाम लग गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन जहां के तहां थम गए। अभ्यर्थियों के साथ-साथ आम राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई वाहन चालक जाम खुलने का इंतजार करते नजर आए। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे मगर जाम का झाम बहुत देर तक कम नहीं हुआ।

हरदोई कार्यक्रम में सैकड़ों बसे बुक, अटके रहे यात्री
गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कार्यक्रम में बरेली रीजन की 400 बसे भेज गई हैं। इतनी बड़ी संख्या में बसें सड़कों पर कम कम होने से यात्री परेशान नजर आए। बरेली के सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर यात्री बसों की कमी देखी गई। दिल्ली, पीलीभीत, लखीमपुर के साथ कई रुटों की बसे नहीं होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।बरेली रीजन के चार परिवहन डिपो में निगम और अनुबंध वाली बसों की तादाद 737 है। इसमें बरेली डिपो में 219, रोहिलखंड डिपो में 229, बदायूं डिपो में 176 और पीलीभीत डिपो में 111 बसें शामिल हैं। 29 अप्रैल को हरदोई में होने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कार्यक्रम में 400 बसों को भेजा गया है। बरेली रीजन से कुल 400 बसें वहां के लिए बुक थीं। इसमें 125 बरेली, 125 रोहिलखंड, बदायूं 75 और पीलीभीत में 75 बसें भेजी गई हैं। इसकी वजह से कई रुटों पर बसें बसों कम हो गईं और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। रात में सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर यात्री बसों का घंटों-घंटों इंतजार करते दिखे।


यात्री पुनीत ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए चार घंटे से बस का इंतजार कर रहां हूं। पुराने बस अड्डे से लेकर सेटेलाइट बस अड्डे तक पर चक्कर लगाने के बाद भी बस नहीं मिली। पूछताछ केंद्र पर भी बस कब आएगी कोई बताने वाला नहीं है।

यात्री गोपाल के मुताबिक गोरखपुर के रहने वाले गोपाल ने बताया कि वह नवाबगंज में काम करते है। सोमवार को उन्हे गोरखपुर जाना था। परिवार के साथ तीन घंटे से सेटेलाइट बस अड्डे पर बस का इंतजार करने के बाद भी बस नहीं मिली। पत्नी और बच्चों के साथ बस का इंतजार कर रहे है।

यात्री रिंकू भारती ने कहा कि निगोही के रहने वाले रिकूं भारती ने बताया कि वह होमगार्ड की परीक्षा देने के लिए आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद घर जाने के लिए वह सेटेलाइट बस अड्डे पर पहुंचे। लेकिन निगोही की बस के लिए अब कई घंटे से इंतजार कर रहे है। बस के बारे में कोई अधिकारी और कर्मचारी भी जानकारी नहीं दे रहा है।

यात्री इरफान खान ने बताया कि पुरनपुर जाने के लिए दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे है। लेकिन बस अड्डे पर पीलीभीत या पुरनपुर रुट की कोई बस नहीं होने से दिक्कत हो रही है। डग्गामार वाहन चालक भी दोगुना किराया मांग रहे है। गर्मी में बस का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है।

एआरएम, रोडवेजअरुण वाजपेई के अनुसार कार्यक्रम में बसें भेजने के लिए बरेली और रोहिलखंड डिपो के एआरएम को तैनात किया गया है। वह देर रात तक बसों को हरदोई रवाना करवाते रहे। बसें वहां जाने से थोड़ी दिक्कत हुई है। जो बसें बाकी रह गई हैं, उनके फेरे बढ़वाए जा रहे हैं। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लेकर चालक परिचालकों को विशेष निर्देश जारी किए गए है।

 

 

संबंधित समाचार