काशी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, महिला सम्मेलन के लिए जुटने लगी भीड़
लखनऊ/ वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के प्रवास पर काशी पहुंच गये हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री का एयरपोर्ट पर स्वागत किया है। इसके बाद पीएम मोदी बरेका के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुये हैं।
यहां पर पीएम मोदी करीब 6300 करोड़ रुपये की लागत से शुरू होने वाली 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा वह जनआक्रोश महिला सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। यह सम्मलेन वाराणसी स्थित बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा रहा है। जहां पर पीएम मोदी शाम करीब 5 बजे पहुंचेंगे।
मोदी दो अमृत भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
उत्तर प्रदेश से दो अमृत भारत ट्रेनों के चलने पर प्रदेश की आध्यात्मिक नगरों और महाराष्ट्र के वाणिज्यिक और सांस्कृतिक शहरों की दूरी सिमट कर कम हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को यहां दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखायेंगे। पीएम मोदी बनारस-हड़पसर और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
इनमें से बनारस - हड़पसर दैनिक होगी, जबकि अयोध्या - लोकमान्य तिलक टर्मिनस सप्ताह में एक दिन चलेगी। ये ट्रेनें मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ेंगी। प्रमुख सांस्कृतिक और आर्थिक गलियारों से गुजरने वाली ये ट्रेनें बड़ी जनसंख्या वाले शहरों के बीच संबंधों को मजबूत करेंगी और साथ ही तीर्थयात्रियों तथा श्रमिक वर्ग के लिए यात्रा को अधिक सुगम बनाएंगी।
आम आदमी को ध्यान में रखकर तैयार की गयीं अमृत भारत एक्सप्रेस आराम, सुविधा और किफ़ायती यात्रा का एक अनूठा मिश्रण प्रदान करती है, जो देश में समावेशी और सुलभ रेल यात्रा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। कम और मध्यम आय वाले परिवारों के लिए शुरू की गई अमृत भारत ट्रेनें पूरी तरह से गैर वातानुकूलित और आधुनिक सेवाएं हैं, जिन्हें सुरक्षा और यात्री सुविधा पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए डिज़ाइन किया गया है।
सामान्य और शयनयान श्रेणी के कोचों, पेंट्री और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित इन ट्रेनों में कई उन्नत विशिष्टताओं को शामिल किया गया है। यात्रियों को वंदे भारत स्लीपर से प्रेरित सीटों और बर्थों की बेहतर बनावट, जर्क-फ्री सेमी-ऑटोमैटिक कपलर्स के माध्यम से उत्कृष्ट यात्रा गुणवत्ता और दुर्घटना-रोधी कोच डिज़ाइन के साथ उच्च सुरक्षा मानकों का लाभ मिलता है। ये दोनों ट्रेनें आधुनिक सेवाओं से सुसज्जित हैं। सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम, एयरोसोल-आधारित अग्निशमन प्रणाली और पूरी तरह से सीलबंद गैंगवे जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य प्रमुख विशिष्टताओं में उन्नत शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, यूएसबी टाइप-ए और टाइप-सी पोर्ट के साथ मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सुगम एर्गोनोमिक सीढ़ियां और अधिक हीटिंग क्षमता वाली नॉन-एसी पेंट्री शामिल हैं, जो एक सुरक्षित, सुगम और अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करती हैं। दोनों ट्रेनें पुश-पुल तकनीक पर आधारित हैं, जिसमें गति को बेहतर बनाने के लिए ट्रेन के दोनों सिरों पर लोकोमोटिव लगाए गए हैं।
बनारस-हड़पसर (पुणे) सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। वहीं अयोध्या-मुंबई सेवा श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के लिए सम्पर्क में सुधार करेगी, जिससे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा। इन ट्रेनों के चलने से विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, प्रवासी श्रमिकों और तीर्थयात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की असुविधा समाप्त हो जाएगी। भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विख्यात और देश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश में स्थित काशी केवल एक गंतव्य नहीं, बल्कि एक ऐसा द्वार है जहाँ आध्यात्मिक संतुष्टि और आर्थिक अवसरों की आकांक्षाओं का संगम होता है।
बेहतर रेल सम्पर्क के माध्यम से भारतीय रेल इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है, जो जनमानस, आस्था और समृद्धि को एक साथ ला रही है। पुणे के लिए यह सीधी और किफायती रेल सेवा स्थानीय व्यापारियों के लिए नए बाजार के अवसर खोलेगी और साथ ही बड़ी संख्या में वहां कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के आवागमन को भी सुगम बनाएगी। इस रेल मार्ग का अंतिम गंतव्य हड़पसर पुणे महानगर का हिस्सा है, जिसे देश की शिक्षा का केंद्र, सांस्कृतिक राजधानी और कला की राजधानी के रूप में जाना जाता है।
