लखनऊ : अवैध क्रिकेट टूर्नामेंट पर सीएएल सख्त, कार्रवाई की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) ने शहर में चल रही अवैध और अपंजीकृत क्रिकेट प्रतियोगिताओं पर सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को डॉ. नवनीत सहगल की अध्यक्षता में बीबीडी बैडमिंटन एकेडमी में हुई कार्यकारिणी बैठक में निर्णय लिया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएएल के सचिव केएम खान ने बताया कि एसोसिएशन से पंजीकृत कोई भी खिलाड़ी यदि अपंजीकृत प्रतियोगिताओं में खेलता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। ऐसे खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की चयन प्रक्रिया से भी बाहर किया जा सकता है। इसके अलावा पंजीकृत अंपायरों और स्कोररों को भी चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति किसी प्रतियोगिता में कार्य करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

दूसरी ओर, इस फैसले का विरोध भी शुरू हो गया है। खिलाड़ी संघर्ष मोर्चा के सचिव अरशी रजा ने इसे तानाशाही करार देते हुए आदेश वापस लेने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएएल क्लबों को प्रतियोगिताएं आयोजित करने की अनुमति नहीं देता और अधिक शुल्क वसूलता है, जबकि 150 से अधिक पंजीकृत क्लबों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश वापस न होने पर विरोध तेज किया जाएगा और मामले की शिकायत यूपीसीए से की जाएगी।

संबंधित समाचार