Moradabad:जज के पिता के हत्यारोपी के घर की कुर्की...दरवाजे-खिड़की उखाड़ किया सामान जब्त
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन क्षेत्र के जिगर कॉलोनी चौराहे पर 27 फरवरी को हुए हत्याकांड के बाद अब पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थाना नागफनी क्षेत्र में फरार मुख्य आरोपी जफर के मकान की कुर्की मंगलवार को की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के मकान दुकान के दरवाजे खिड़की के साथ सारा सामान जब्त कर थाना में जमा कर दिया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि 27 फरवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे जज के पिता एवं बेकरी संचालक असद पर उसके साले जफर ने अपने बेटे और साथियों के साथ मिलकर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या दी थी। पुलिस ने हत्या के मामले में फैजान, आलमवीर और आसिफ को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया। हालांकि, हत्याकांड का मुख्य आरोपी जफर और उसके बेटे अब भी फरार हैं।
उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने कोर्ट का सहारा लिया। सीजीएम कोर्ट के आदेश पर थाना नागफनी क्षेत्र में स्थित जफर के मकान पर कुर्की की कार्रवाई करते हुए उसके मकान का सारा दरवाजे खिड़की और कपड़े की दुकान का शटर उखाड़ कर दुकान का सारा सामान जब्त कर प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने थाने में जमा कर दिया है। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सिटी ने बताया कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से असद पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
