Bareilly : शासन को भेज रहे 24 घंटे की रिपोर्ट, यहां लंबी कटौती झेल रहे लोग
शासन को भेजी रिपोर्ट के आधार पर शहर को प्रदेश में 66वां स्थान मिला
बरेली, अमृत विचार। शहर में बिजली की अंधाधुंध कटौती से उपभोक्ता बेहाल हैं वहीं विभागीय अधिकारी शासन को भी गुमराह करने में लगे हैं। विभाग की तरफ से सीएम डैशबोर्ड को भेजी गई रिपोर्ट में 99.45 प्रतिशत सप्लाई और प्रतिदिन 23 घंटे 45 मिनट बिजली उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। इसी आधार पर शहर को प्रदेश में 66वां स्थान मिला है। यहां कई इलाकों में 5 से 12 घंटे तक कटौती हो रही है।
महेशपुरा, बाकरगंज, किला, सिविल लाइंस, कुतुबखाना और हरुनगला सहित कई क्षेत्रों से लगातार बिजली संबंधी शिकायतें सामने आईं। कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या रही तो कहीं खंभों के बॉक्स जलने और तार टूटने की घटनाएं हुईं। लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। तकनीकी खामियों के चलते पूरे दिन मरम्मत कार्य चलता रहा, बावजूद इसके आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों को पेयजल, कूलिंग और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ा।स्थानीय लोगों में बिजली निगम के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है और शासन को भेजी जा रही रिपोर्टों की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
