Bareilly : बार-बार शोषण के सदमे में छात्रा ने दी जान, कोई परिचित ही निकलेगा शैतान

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिटिया ने फांसी लगा ली मगर किसी ने भी नहीं दी पुलिस को सूचना

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज क्षेत्र में सुसाइड करने वाली कक्षा 8 की छात्रा के साथ हद से ज्यादा हैवानियत हुई थी। दरिंदगी का शिकार 12 बरस की बिटिया ने परेशान होकर फांसी लगा ली, इसके बाद भी उसकी मौत पर परदा डालने की आखिर तक कोशिश की गई। अब्बू दिल्ली में थे और मां ने कई घंटे बाद भी पुलिस को सूचना नहीं दी। दूसरी जगह झगड़े की सूचना पर डायल 112 की टीम गांव न पहुंची होती तो समाज को कंपा देने वाली बच्ची की मौत की कहानी पर हमेशा के लिए परदा डाल दिया जाता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिस तरह बच्ची के यौन शोषण का सच सामने आया है, न सिर्फ समाज को शर्मिंदा करने वाला है, बल्कि गुमनाम शैतान की तलाश में जुटी पुलिस को भी टेंशन में डालने वाला है।

दरिंदगी का शिकार बनकर जान गंवाने वाली बच्ची मीरगंज क्षेत्र के गांव में रहने वाले तंगहाल परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। पिता दिल्ली में रहकर चप्पल फैक्ट्री में काम करता है। बच्ची अपनी मां और 4 छोटे भाई-बहनों के साथ गांव में रहती थी। गांव के सरकारी जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ की पढ़ाई भी कर रही थी। तीन दिन पहले गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम वहां पहुंची थी। कुछ ही कदम की दूरी पर छात्रा की मौत हुई थी मगर इसकी सूचना पर परिवार या गांव के लोगों ने पुलिस को नहीं दी थी। मौके पर पहुंची 112 टीम को पड़ोस में बच्ची की मौत का पता लगा तो पूरे मामले से थाना मीरगंज को अवगत कराया गया। इसके बाद थाने से पुलिस गांव पहुंची। उससे पहले छात्रा के शव के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रहे थे। पुलिस के सामने भी बच्ची की मां पोस्टमार्टम न कराने की मांग करती रही। पुलिस ने समझा-बुझाकर शव पोस्टमार्टम को न भेजा होता तो 12 साल की उम्र में दरिंदगी की वजह से सुसाइड करने वाली छात्रा का सच शायद ही कभी सामने आ पाता।

हालात बता रहे, बच्ची का शोषण करने वाला कोई परिचित ही
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा का यौन शोषण हुआ था। उसके अंगों पर दांत से काटने के निशान भी पाए गए। मौत की वजह हैंगिग आया है, जिसका मतलब सुसाइड है। बड़ा सवाल है, बच्ची को लगातार हैवानियत करने वाला आखिर कौन था? घर के हालात और बच्ची पर हुए जुल्म को देखकर माना जा रहा है कि कोई परिचित ही उसका शोषण कर रहा था। प्रश्न ये भी उठता है कि परिवार ने आखिर छात्रा की मौत की सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी ? बेटी की मौत की खबर पाकर दिल्ली से गांव पहुंचे अब्बू कुछ बताने की स्थिति में नही है। पुलिस अब छात्रा की मां से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है, ताकि सनसनीखेज मामले की तह में पहुंचा जा सका। मां को पुलिस ने थाने बुलाकर लंबी पूछताछ की है। गुरुवार को सीओ मीरगंज अजय कुमार, थाना प्रभारी संजय तोमर और हलका इंचार्ज मृत छात्रा के घर पहुंचे और घटना के सम्बंध में गहराई से छानबीन की। आस पड़ोस में रहने वालों से भी पूछताछ की गई है।

सीसीटीवी खोलेगा राज, हिरासत में कई से पूछताछ
छात्रा पर जुल्म और उसकी मौत की सच्चाई सामने लाने के लिए अंधेरे में हाथ-पैर मार रही पुलिस ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी को प्रमुखता से जांच में शामिल किया है। पुलिस को अभी तक बताया गया है कि घटना के समय बच्ची की मां कोटेदार से राशन लेने गई थी और घर पर छात्रा के साथ उसकी छोटी बहन मौजूद थी। बहन ने ही पड़ोस में जाकर उसके फंदे से लटके होने की सूचना दी थी। इसके बाद मां खबर कर कोटे की दुकान से घर बुलाया गया था। हालांकि, मां के साथ किसी पड़ोसी या गांव के व्यक्ति ने पुलिस को खबर करना उचित नहीं समझा। हालात देखते हुए पुलिस का मानना है कि छात्रा का शोषण करने वाला कोई परिचित हो सकता है। छात्रा का लगातार शोषण होता रहा और परिवार में किसी को पता नहीं लगा, यह सवाल भी पुलिस को लगातार उलझा रहा है। कई बिंदुओं पर छानबीन जारी है।

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा छात्रा की मौत को लेकर बेहद गंभीर नजर आ रही हैं। उन्होंने सीओ और इंस्पेक्टर को विवेचना के सम्बंध में जरूरी निर्देश दिए हैं। एसपी साउथ ने बताया कि पुलिस की दो टीमें मामले के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही परदाफाश किया जाएगा।

संबंधित समाचार