बरगी डैम क्रूज हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हुई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, पर्यटन मंत्री बोले- घटना की कराई जाएगी विस्तृत जांच

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर नौ हो गई। अधिकारियों ने बताया कि डूबी हुई नाव से पांच और शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें लापता लोगों की तलाश में अभियान तेज कर रही हैं। 

मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, " बृहस्पतिवार को चार शव मिले थे, जबकि शुक्रवार तड़के बचाव अभियान के दौरान पांच और शव बरामद हुए, जिससे मृतकों की संख्या नौ हो गई।" उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और एक जीवित बचे व्यक्ति द्वारा लाइफ जैकेट के मुद्दे को उठाने की भी पड़ताल की जाएगी। 

अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार शाम नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में अचानक आए तूफान के दौरान हुआ, जिससे क्रूज नाव पलट गई। जबलपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि आशंका है कि कुछ शव अभी भी नाव के भीतर फंसे हो सकते हैं, लेकिन कम दृश्यता के कारण सटीक स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। 

उन्होंने बताया कि सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव और तलाश अभियान चला रही हैं। इसके अलावा जल संसाधन और लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ पास स्थित एक जल संयंत्र की निर्माण एजेंसी भी तकनीकी सहयोग दे रही है। 

सिंह ने बताया कि स्थानीय निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और नाव से निकलकर बाहर आए लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाने में मदद की। उन्होंने कहा कि जब तक नाव के अंदर की पूरी तरह से जांच नहीं हो जाती और यह सुनिश्चित नहीं कर लिया जाता कि कोई और शव नहीं बचा है, तब तक डूबी हुई नाव को बाहर नहीं निकाला जाएगा। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण पानी में लहरें उठीं, जिससे नाव में सवार लोगों ने शोर मचाकर चालक दल से नाव को किनारे की ओर ले जाने की अपील की, लेकिन चालक दल तक आवाज नहीं पहुंच सकी और नाव बहते हुए पलट गई। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से लाइफ जैकेट पहने यात्रियों को बचाया।  

संबंधित समाचार