GEN-Z को सरकार का झटकाः बदल गए Online Gaming Rule, नहीं माने तो जाना पड़ेगा जेल
लखनऊः आज यानी, 1 मई 2026 से आपके मोबाइल फोन की दुनिया पूरी तरह बदलने जा रही है। भारत सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री के लिए नए और सख्त नियम—'Promotion and Regulation of Online Gaming Rules 2026'—लागू कर दिए हैं। अगर आप भी गेमिंग के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि अब 'जीतने' के चक्कर में पैसे लगाना आपको जेल की हवा खिला सकता है।
सरकार ने साफ़ कर दिया है कि अब ऑनलाइन मनी गेम्स पर पूरी तरह बैन होगा। चाहे वह किस्मत वाला गेम हो या दिमाग वाला (स्किल बेस्ड), अगर पैसे का दांव लगा, तो वह खेल 'गैरकानूनी' माना जाएगा। इतना ही नहीं, अब इन गेम्स का विज्ञापन करना या सेलिब्रिटीज द्वारा इनका प्रमोशन करना भी अपराध की श्रेणी में आएगा। बैंकों और पेमेंट गेटवे को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे किसी भी प्लेटफॉर्म के ट्रांजैक्शन प्रोसेस न करें।
किसे कितनी सजा
पहली बार अपराध: 3 साल की जेल और ₹1 करोड़ तक का जुर्माना।
दूसरी बार अपराध: 5 साल की जेल और ₹2 करोड़ का भारी-भरकम जुर्माना।
विज्ञापन करने पर: 2 साल की जेल या ₹50 लाख का दंड।
अब सवाल यह है कि कौन सा गेम सही है और कौन सा गलत? इसकी निगरानी के लिए दिल्ली में 'ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (OGAI) का गठन किया गया है। यह डिजिटल रेगुलेटर 90 दिनों के भीतर तय करेगा कि कोई गेम 'ई-स्पोर्ट्स' की कैटेगरी में है या उसे बैन करना है। ई-स्पोर्ट्स यानी वे डिजिटल खेल जिनमें टीम वर्क और स्किल की जरूरत होती है, उन्हें अब 10 साल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मिलेगा, जिससे भारत को ग्लोबल गेमिंग हब बनाने में मदद मिलेगी।
यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि देश के करीब 45 करोड़ लोग इन प्लेटफॉर्म्स की लत का शिकार हो रहे थे और लोगों को 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का वित्तीय नुकसान हो चुका था। अब नए नियमों में युवाओं के लिए 'एज गेटिंग' और 'पेरेंटल कंट्रोल' जैसे फीचर्स अनिवार्य कर दिए गए हैं। गृह मंत्रालय खुद इस अथॉरिटी का हिस्सा है, ताकि नियम तोड़ने वाले गेम्स को तुरंत ब्लॉक किया जा सके।
तो अगर कोई प्लेटफॉर्म आपसे गेम खेलने के नाम पर पैसा मांगता है, तो समझ लीजिए वह गैरकानूनी है। इसकी शिकायत तुरंत साइबर सेल या ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी में करें। सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है—गेमिंग को 'लत' नहीं, 'डिजिटल इकोनॉमी' का हिस्सा बनाना।
