भुवनेश्वर कुमार ने रचा इतिहासः टी20 क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बने
लखनऊः आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का 42वां मैच गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया। हालांकि, आरसीबी की ओर से खेल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखी और 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके।
इसी प्रदर्शन के दौरान भुवनेश्वर कुमार ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पावरप्ले में दो विकेट लेकर अपने कुल टी20 विकेटों की संख्या 350 के पार पहुंचा दी। इस कारनामे के साथ वे टी20 फॉर्मेट में 350 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए।
भुवनेश्वर कुमार ने अब तक 325 टी20 मैचों की 324 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 24.51 की औसत से 352 विकेट चटकाए हैं। उनका इकॉनमी रेट 7.35 रहा है। आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन और भी प्रभावशाली रहा है, जहां उन्होंने 9 मैचों में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में फिर से अपना दबदबा कायम कर लिया है।
भारतीय गेंदबाजों में सबसे ज्यादा टी20 विकेट
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ियों में लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम है, जिन्होंने कुल 391 विकेट हासिल किए हैं।
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार (352 विकेट) हैं, जबकि तीसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह (347 विकेट) मौजूद हैं। चौथे स्थान पर पीयूष चावला का नाम है, जिनके खाते में 327 विकेट हैं।
भुवनेश्वर कुमार की निरंतरता और स्विंग गेंदबाजी एक बार फिर साबित कर रही है कि अनुभव और सटीकता से तेज गेंदबाज भी लंबे समय तक टॉप पर बने रह सकते हैं।
