कराटे चैंपियनशिप में मेजबान लखनऊ की शानदार शुरुआत, तीन स्वर्ण पदक जीतकर बनाई बढ़त
लखनऊ, अमृत विचार: चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में चल रही यूपी स्टेट सब जूनियर, कैडेट व जूनियर कराटे चैंपियनशिप के पहले दिन मेजबान लखनऊ ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। प्रियंका सिंह और श्रेष्ठ श्रीवास्तव के दमदार प्रदर्शन से लखनऊ ने बढ़त बनाई। कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध नगर ने दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि मुजफ्फरनगर, फर्रुखाबाद, वाराणसी, कौशांबी और आगरा को एक-एक स्वर्ण पदक मिला।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंजीनियर योगेश कुमार ने किया। इस मौके पर कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष टीपी हवेलिया व महासचिव जसपाल सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। मुकाबलों में कैडेट बालिका कुमिते (54 किग्रा से कम) में गौतमबुद्ध नगर की दिव्या ने स्वर्ण जीता।
जूनियर बालिका काता में लखनऊ की प्रियंका सिंह और कैडेट बालक काता में लखनऊ के श्रेष्ठ श्रीवास्तव विजेता रहे। जूनियर बालक टीम काता में भी लखनऊ ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जूनियर बालिका कुमिते में आगरा की प्रज्ञा शर्मा, कैडेट बालक कुमिते में मुजफ्फरनगर के मोहम्मद अरहम और जूनियर बालक कुमिते में गौतमबुद्ध नगर के दिव्यांश शर्मा ने स्वर्ण पदक जीते। पैरा काता वर्ग में कौशांबी के संभव प्रताप सिंह विजेता रहे।
