AI की रेस में पीछे, फिर भी Apple ने रचा इतिहास: iPhone 17 की दीवानगी ने बनाया बिक्री का महा-रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी ऐप्पल (Apple) ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे जारी कर दिए हैं, जो किसी चमत्कार से कम नहीं हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के मोर्चे पर कड़ी प्रतिस्पर्धा झेलने के बावजूद, कंपनी ने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।

iPhone 17 सीरीज बनी 'ग्रोथ इंजन'

ऐप्पल की इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ iPhone 17 सीरीज का है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) केवन पारेख के अनुसार, iPhone 17 सीरीज ऐप्पल के इतिहास की अब तक की सबसे सफल सीरीज साबित हुई है। खास तौर पर नए डिजाइन वाले 'प्रो' मॉडल्स ने ग्राहकों को अपना दीवाना बना लिया है। प्रो मॉडल्स के साथ-साथ बेस मॉडल की मांग भी बाजार में चरम पर है।

तिमाही नतीजों की बड़ी बातें:

आईफोन की रिकॉर्ड बिक्री: मार्च तिमाही में कंपनी ने 57 बिलियन डॉलर के आईफोन बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 22% की भारी बढ़ोतरी है।

सर्विसेज का जलवा: ऐप स्टोर, ऐप्पल म्यूजिक और आईक्लाउड जैसी सेवाओं से कंपनी को 31 बिलियन डॉलर की आय हुई, जिसमें सालाना 16.3% का उछाल देखा गया।

आईपैड और एक्सेसरीज: आईपैड सेगमेंट ने 8% की ग्रोथ के साथ 6.91 बिलियन डॉलर बटोरे, वहीं स्मार्टवॉच और अन्य एक्सेसरीज से कंपनी को 7.91 बिलियन डॉलर की कमाई हुई।

मुनाफे में 19% का उछाल

ऐप्पल का कुल रेवेन्यू इस तिमाही में 111.18 बिलियन डॉलर रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि से 16.6% अधिक है। कंपनी की नेट इनकम (शुद्ध लाभ) भी 19% बढ़कर 29.58 बिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है।

बाजार विशेषज्ञों की राय

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जहां एक तरफ प्रतिद्वंद्वी कंपनियां एआई फीचर्स के दम पर बढ़त बनाने की कोशिश कर रही हैं, वहीं ऐप्पल ने अपनी ब्रांड वैल्यू और 'हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर' के तालमेल से बाजार पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। आईफोन 17 सीरीज की लोकप्रियता ने कंपनी को भविष्य के लिए एक नई ऊँचाई पर पहुँचा दिया है।

संबंधित समाचार