बाराबंकी में 6 माह से दर्जनों स्ट्रीट लाइटें बंद, समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे जिम्मेदार
बाराबंकी, अमृत विचार। आदर्श नगर पंचायत बनने के दावों के बीच जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है। भिटरिया-हैदरगढ़ रोड पर नायरा पेट्रोल पंप से इंडियन पेट्रोल पंप तक पिछले करीब 6 माह से चार दर्जन से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात में अंधेरा छाया रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है, साथ ही दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
कई बार शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी, चेयरमैन डॉ ज्ञान प्रकाश यादव और सभासद शिव बरन यादव ने अब तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, जिससे लोगों में आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सभी स्ट्रीट लाइटें ठीक कराई जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
