स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ताओं को मिल रहे 7 बड़े फायदे, जानें क्या मिल रहीं सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ में स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था लागू होने के बाद बिजली उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का दावा है कि इस नई प्रणाली से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल रहा है। 

लखनऊ मध्य जोन के अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) मुकेश कुमार त्यागी ने शनिवार को 1912 कॉल सेंटर हुसैनगंज पर बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को पारदर्शी और आसान बिजली उपयोग का अनुभव देता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग मीटर को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, खासकर वे उपभोक्ता जो समय पर बिल भुगतान नहीं करते थे। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अब मोबाइल ऐप के माध्यम से रोजाना बिजली खपत की निगरानी कर सकते हैं। इससे अनावश्यक बिजली खर्च को कम करना आसान हो जाता है और बिल पर नियंत्रण रहता है। इस सिस्टम के लागू होने के बाद उन उपभोक्ताओं को भी नियमित भुगतान करना पड़ रहा है, जिन्होंने लंबे समय तक बकाया नहीं चुकाया था। स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था से बिजली उपभोग अधिक पारदर्शी, नियंत्रित और उपभोक्ता के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर मिल रहे यह 7 बड़े फायदे

बैलेंस पॉजिटिव रहते हुए रिचार्ज करने पर 2 प्रतिशत तक की छूट
मोबाइल ऐप से रोजाना बिजली खपत की निगरानी
फर्जी या गलत मीटर रीडिंग से पूरी तरह राहत
बैलेंस खत्म होने से पहले बार-बार अलर्ट संदेश
घर बैठे आसानी से ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा
स्मार्ट ऐप पर सभी जरूरी सूचनाएं उपलब्ध
मीटर खराब होने पर स्वतः विभाग को सूचना, मुफ्त में बदलने की सुविधा

संबंधित समाचार