मई के अंत तक नई बिजली दरें संभव, 18 मई को अंतिम फैसला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई दरों की घोषणा मई के अंत या जून के पहले सप्ताह में हो सकता है। विद्युत नियामक आयोग ने 18 मई को अंतिम बैठक बुलाई है, जिसमें जनसुनवाई के बाद टैरिफ से जुड़े सभी मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा। आयोग की ओर से जारी होने वाले टैरिफ आदेश में बहुमंजिला इमारतों से जुड़े बिजली प्रावधान, निजी नलकूपों के कनेक्शन, अनियोजित कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति के नियम और घरों में छोटी दुकान संचालित करने से संबंधित मामलों को भी शामिल किया जाएगा।

इस बीच, राज्य सरकार ने राज्य सलाहकार समिति के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने आयोग को भेजे प्रस्ताव में स्मार्ट प्रीपेड मीटरिंग व्यवस्था को बैठक के एजेंडे में शामिल करने की मांग की है। 

उनका आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन की ओर से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिना सहमति प्रीपेड मोड में बदले जा रहे हैं, जो विद्युत अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। बताया जा रहा है कि लगभग 75 लाख उपभोक्ता इस व्यवस्था से प्रभावित हैं, जिसके चलते प्रदेशभर में असंतोष और विरोध की स्थिति बनी हुई है। 18 मई को होने वाली बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष अरविंद कुमार करेंगे। इसमें ऊर्जा, खाद्य और कृषि विभागों के प्रमुख सचिवों के साथ पावर कॉरपोरेशन, पावर ट्रांसमिशन और विभिन्न विद्युत वितरण कंपनियों के प्रबंध निदेशक भी शामिल होंगे।

संबंधित समाचार