कौशांबी में दर्दनाक हादसा : खुदाई करते समय ढहा मिट्टी का टीला, मां-बेटी समेत तीन की मौत, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कौशांबी। कौशांबी जिले के मंझनपुर क्षेत्र में रविवार सुबह घर की पुताई के लिए तालाब में मिट्टी खोदने गईं मां-बेटी समेत तीन लोगों की मिट्टी खिसकने से मलबे में दब कर मौत हो गयी तथा दो अन्य महिलाएं घायल हो गयीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाएं काफी देर से मिट्टी निकालने में जुटी थीं, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा टीला भरभराकर गिर पड़ा और वहां मौजूद सभी लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के थांबा गांव निवासी गीता देवी (35) उसकी बेटी अंकिता (छह) उत्तरा देवी (45), जितिया देवी तथा फुलिया आज सुबह पुताई करने के लिये गांव के बाहर एक तालाब से मिट्टी खोदने गई थीं। उन्होंने बताया कि मिट्टी खोदते समय अचानक ऊपर से मिट्टी खिसकने से एक बड़ा ढेर उनके ऊपर गिर गया जिसमें वे सभी दब गयीं।

उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला लेकिन तब तक गीता देवी (35), उसकी बेटी अंकिता (छह) और उत्तरा देवी (45) की मौत हो चुकी थी। सिंह ने बताया कि हादसे में घायल जितिया देवी व फुलिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं।  

संबंधित समाचार