होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025: टेलीग्राम पर 15 हजार में पेपर बेचने का दावा, परीक्षार्थियों को भ्रमित कर ठगी की कोशिश
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान पेपर लीक और बिक्री के दावे सामने आए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी कर रही है। इसी क्रम में टेलीग्राम पर ‘यूपी होमगार्ड एक्जाम’ नामक चैनल (यूज़रनेम @Lucifrobot) के जरिए एक संदिग्ध लिंक वायरल किया गया, जिसमें ‘यूपी होमगार्ड पेपर फर्स्ट शिफ्ट फर्स्ट सेट सोल्ड’ का दावा करते हुए 15 हजार रुपये में पेपर बेचने की बात कही गई। मामले की जानकारी होने पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सतर्कता प्रकोष्ठ के दो इंस्पेक्टर ने हुसैनगंज थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह और राजेश कुमार उपाध्याय के मुताबिक परीक्षा तीन दिन में आयोजित की जा रही है और उसकी निष्पक्षता प्रभावित करने के लिए गिरोह सक्रिय हैं। सोशल मीडिया सेल व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और टेलीग्राम पर निगरानी कर रही थी।
जांच में सामने आया कि ‘एक्जाम पेपर वल्लाह’ नामक चैनल पर “@PAPER_MAFIAY” आईडी से पेपर बेचने का दावा किया गया, जिसमें पूरे पेपर के लिए 15 हजार और आधे पेपर के लिए 8 हजार रुपये मांगे जा रहे थे। भुगतान के लिए 50 प्रतिशत एडवांस की शर्त रखी गई थी। वहीं, यूट्यूब चैनल ‘arjun with rojgar’ पर भी भ्रामक संदेश प्रसारित कर 100 में 90 प्रश्न आने की गारंटी दी जा रही थी। पुलिस के अनुसार यह परीक्षार्थियों को गुमराह कर ठगी का प्रयास है। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
