ट्रेनों की लेटलतीफी बनी यात्रियों के लिए सिरदर्द, लखनऊ होकर गुजरने वाली स्वर्ण शताब्दी और समर स्पेशल घंटों लेट
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार देरी से चल रही ट्रेनों के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में 6 से 7 घंटे तक अतिरिक्त समय लग रहा है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले होमगार्ड अभ्यर्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, 15033 पाटलीपुत्र-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे 50 मिनट लेट चल रही है, जिससे बादशाहनगर और लखनऊ जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं 05058 नई दिल्ली-गोरखपुर समर स्पेशल लगभग 5 घंटे देरी से संचालित हो रही है।
गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस भी करीब 4 घंटे लेट है। इसके अलावा 12004 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस 26 अप्रैल को लगभग 1 घंटा 35 मिनट देरी से पहुंची, जबकि 02570 समर स्पेशल करीब 6 घंटे लेट रही।
इधर कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर 42 दिनों के ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से प्रभावित किया गया है। इनमें 64255 उतरेठिया-कानपुर मेमू, 54101/02 प्रयागराज पैसेंजर और 54325/26 कानपुर-सीतापुर पैसेंजर प्रमुख हैं। ट्रेनों की इस अव्यवस्था से यात्रियों में रोष है और वे समयबद्ध संचालन की मांग कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन से जल्द सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें :
UP Census 2027 :व्हाट्सएप पर जुड़ेंगे जनगणना कर्मी, ट्रेनिंग से गायब 518 कर्मियों को नोटिस जारी
