Gonda News : खनन से बने पोखर में डूबकर बच्चे की मौत, भाई चोटिल
गोंडा। गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में खनन के तहत मिट्टी खोदे जाने से बने एक गड्ढे में भरे पानी में डूबने से पांच वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम कोतवाली देहात क्षेत्र के चिश्तीपुर निवासी राजेश प्रजापति के बच्चे अमन (पांच) और मोनू (10) रामनगर तिराहे से पथरी बाजार जाने वाली सड़क के किनारे खेलते वक्त अचानक पास में बने गड्ढे में फिसल जाने से उसमें भरे पानी में डूब गये।
उन्होंने बताया कि शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने मोनू को तो किसी तरह से बाहर निकाल लिया लेकिन अमन की डूबने मौत हो गयी। जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे तैयार नहीं हुए और इसके बाद शनिवार रात में ही अमन का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, एक ईंट भट्ठे के मालिक द्वारा कथित रूप से बिना अनुमति मिट्टी खनन कराये जाने से यह गड्ढा बना था, जिसमें हाल की बारिश के कारण पानी भर गया था। इस संबंध में खनन अधिकारी डॉक्टर अभय रंजन ने कहा कि घटनास्थल के आसपास मिट्टी खनन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करके नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
