Moradabad:तेंदुए का आतंक खत्म, वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद किया कैद

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव तरफदलपत और मैसूवाला के जंगलों में कई दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग की टीम के हत्थे चढ़ गया। शनिवार को घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजड़े में कैद कर लिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बीते दिनों तेंदुए की लगातार सक्रियता से गांवों में भय का माहौल बना हुआ था। हालात यह थे कि ग्रामीण खेतों पर अकेले जाने से कतराने लगे थे और समूह में ही बाहर निकलते थे। रात के समय लोग घरों की सुरक्षा के लिए जागकर पहरा देने को मजबूर थे।

इस दौरान तेंदुआ तरफदलपत निवासी एक मासूम को घर से उठाकर ले गया था। बच्चे की चीख सुनकर मां ने साहस का परिचय देते हुए तेंदुए का पीछा कर बच्चे को बचा लिया। मां की इस बहादुरी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। हरकत में आए वन विभाग ने इलाके में पिंजड़ा लगाकर अभियान शुरू किया। शनिवार को आखिरकार तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम का आभार जताया।

 

संबंधित समाचार