पश्चिम बंगाल में बदलाव का असर : नई सरकार के गठन से पहले ममता के दो मुख्य सलाहकारों ने दिया इस्तीफा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यरत दो पूर्व मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय और एच के द्विवेदी ने राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों ने मंगलवार को अपने इस्तीफे सौंप दिए।
राज्य सचिवालय के अधिकारी ने बताया कि प्रख्यात अर्थशास्त्री अभिरूप सरकार ने भी पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआईडीसी) और पश्चिम बंगाल लघु उद्योग विकास निगम (डब्ल्यूबीएसआईडीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बताया कि इन इस्तीफों के बाद आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।
बंद्योपाध्याय के 2021 में तबादले को लेकर राज्य और केंद्र के बीच विवाद भी हुआ था। बाद में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया था। इससे पहले राज्य के महाधिवक्ता किशोर दत्ता ने भी राज्यपाल आर एन रवि को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। राज्य में 294 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के निरंतर शासन का अंत कर दिया है।
