IPL 2026: क्या खत्म हो गया हार्दिक पांड्या का सफर? RCB के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को लगा तगड़ा झटका!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रायपुरः इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने जैसा रहा है, जहां 10 मैचों में उसे महज 3 जीत नसीब हुई हैं। अब प्लेऑफ की धुंधली उम्मीदों को जिंदा रखने की जद्दोजहद के बीच, टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 

रायपुर रवानगी के वक्त नदारद दिखे कप्तान

19 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होना है। लेकिन इस अहम मुकाबले से पहले हार्दिक पांड्या टीम के साथ नजर नहीं आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पूरी टीम मुंबई एयरपोर्ट से रायपुर के लिए रवाना हो रही थी, तब पांड्या स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह सीधे रायपुर पहुँचेंगे या इस मैच से भी बाहर रहेंगे।

सूर्या के कंधों पर फिर होगी कमान?

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में एक बार फिर सूर्यकुमार यादव के कप्तानी संभालने के कयास लगाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ वानखेड़े में खेले गए पिछले मुकाबले में भी हार्दिक 'बैक स्पैज्म' (पीठ में ऐंठन) की वजह से नहीं खेल पाए थे और सूर्या ने ही टीम का नेतृत्व किया था। 

आंकड़ों ने बढ़ाई पांड्या की टेंशन

एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर साल 2026 हार्दिक के लिए बेहद निराशाजनक रहा है:

- बल्लेबाजी 8 मैचों में महज 146 रन (स्ट्राइक रेट 136.45)।

- गेंदबाजी 8 मैचों में केवल 4 सफलताएं।

- कप्तानी का रिकॉर्ड मुंबई के कप्तान के तौर पर हार्दिक ने अब तक 37 मैचों में कमान संभाली है, जिनमें से टीम को 23 में हार का सामना करना पड़ा है और सिर्फ 14 में जीत मिली है।

अब देखना यह होगा कि क्या रायपुर के मैदान पर मुंबई की किस्मत पलटेगी या RCB के खिलाफ सूर्या की कप्तानी में टीम को एक और कठिन परीक्षा से गुजरना होगा।

संबंधित समाचार