Bareilly: महादेव व श्यामगंज पुल के नीचे टपक रहा गंदा पानी, लोग परेशान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना से कोहाड़ापीर को जाने वाले महादेव पुल से नीचे की ओर से गंदा पानी टपक रहा है। इसकी वजह से दुकानदारों और आमजन को परेशानी हो रही है। मुख्य समस्या पानी निकासी के लिए लगाए पाइपों के गंदगी से पट जाने, उनके टूटने व सही ढंग से काम न करने की है, जिससे पुल के नीचे से गुजरना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि पाइप चोक होने के कारण बारिश के बाद गंदा पानी सीधे नीचे गिरता है, जिससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई जगह पाइप टूटने से पानी अनियंत्रित रूप से टपकता रहता है, जिससे आसपास गंदगी फैलती है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। धार्मिक स्थलों पर जाने वाले लोगों को भी इस समस्या के कारण असुविधा हो रही है। ऐसी ही स्थिति श्यामगंज क्षेत्र के पुल के नीचे भी देखी जा रही है, जहां पाइपों के चोक और क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी लगातार गिरता रहता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पाइपों की सफाई, मरम्मत और उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

चाय विक्रेता फयाज ने बताया कि घर से साफ-सुथरे निकलते हैं, लेकिन श्यामगंज पुल से नीचे को टपकता गंदा पानी कपड़ों को खराब कर देता है। यह समस्या कई स्थानीय दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। राहगीर इरफान ने बताया कि जब बारिश ज्यादा होती है तो समस्या और बढ़ जाती जाती है। पुल का गंदा पानी निकालने के लिए डाला गया पाइप कई जगह से क्षतिग्रस्त है। इसकी वजह से गंदा पानी कई बार ग्राहक पर ही गिर जाता है।

व्यापारी जावेद के मुताबिक श्यामंगज पुल के नीचे जगह-जगह गंदा पानी टपकने से काफी दिक्कत का सामना उठाना पड़ता है। कई बार तो नमाज पढ़ने के लिए जब निकलते हैं तो गंदे पानी के छीटे कपड़ों को खराब कर देते हैं। व्यापारी लविश ने बताया कि श्यामगंज और कोहाड़ापीर पुल के नीचे टूटे पाइपों से टपकता गंदा पानी राहगीरों और व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गया है। करोड़ों की लागत के बावजूद ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त है। लोग गंदगी और बदबू से परेशान हैं।

 

संबंधित समाचार