बाराबंकी : आज से 21 मई तक तिथिवार स्व-गणना अभियान, हर दिन अलग थीम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आज जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व अन्य द्वारा की जाएगी स्व-गणना

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी व प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना को सफल बनाने के लिए 7 से 21 मई तक तिथिवार संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व विभिन्न वर्गों के नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक दिन को विशेष थीम के रूप में निर्धारित किया गया है।

गुरुवार यानी 7 मई को राजस्व व प्रशासन दिवस के तहत मुख्यालय व तहसीलों में कार्यक्रम होंगे। कलेक्ट्रेट लोकसभागार में आज सुबह 10 बजे सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, आयोग के अध्यक्ष सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा स्व-गणना की जाएगी।

वहीं 8 मई को स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस पर ग्राम पंचायत, नगर निकाय व विकास खंड स्तर पर आयोजन होगा। 9 मई को खिलाड़ी व पत्रकार, 10 मई को पद्म व राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त व्यक्ति और सामाजिक संस्थाएं, 11 मई को न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता, 12 मई को पुलिस व यूनिफॉर्म्ड फोर्स, 13 मई को केंद्रीय कार्यालय व वित्तीय संस्थान, 14 मई को शैक्षणिक संस्थान, 15 मई को चिकित्सा संस्थान, 16 मई को उद्योग व यातायात क्षेत्र, 17 मई को महिला व स्वयं सहायता समूह, 18 मई को डिजिटल एक्सेस के माध्यम से आमजन, 19 मई को वर्क फ्रॉम होम करने वाले नागरिक तथा 20 मई को एलजीबीटीक्यू समुदाय को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने सभी नोडल व विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी व जिला विकास अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में प्रातः 11 बजे स्व-गणना कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि, सम्भ्रांत नागरिक व अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे।

संबंधित समाचार