PM-RKVY के तहत 3379 करोड़ की कृषि योजनाओं को मंजूरी, मुख्य सचिव बोले- समयबद्ध और पारदर्शी हो परियोजनाओं का क्रियान्वयन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्राकृतिक खेती, सिंचाई, मखाना और मधुमक्खी पालन पर रहेगा विशेष फोकस

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री-राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम-आरकेवीवाई) के अंतर्गत राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3379.11 करोड़ रुपये की कार्य योजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में कृषि और संबद्ध विभागों की विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, कृषि एवं उद्यान फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों, मखाना उत्पादन, मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन जैसे क्षेत्रों में योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण, समेकित पोषण एवं कीट प्रबंधन, फसलोत्तर अवसंरचना विकास तथा किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया। मुख्य सचिव ने कृषि उद्यमिता और आधुनिक तकनीक आधारित खेती को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कृषि विभाग को नोडल विभाग के रूप में सभी लाइन विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि कल्याण केंद्रों, सहकारिता विभाग के पैक्स गोदामों, रेशम उत्पादन से जुड़े चाकी रियरिंग सेंटर और कृषि विश्वविद्यालयों में चल रहे विकास कार्यों को जून 2026 तक पूरा कराने को कहा।

मुख्य सचिव ने गन्ना विभाग को रेडराट प्रतिरोधी गन्ना प्रजातियों को बढ़ावा देने तथा किसानों को धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के आउटपुट और आउटकम का विस्तृत अध्ययन तैयार कराने पर भी जोर दिया। बैठक में यह भी बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजनाओं के तहत 91 प्रतिशत व्यय प्रगति दर्ज की गई, जिस पर समिति ने संतोष व्यक्त किया।

इन योजनाओं को मिली मंजूरी

• नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स

• मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज

• नेशनल फूड सिक्योरिटी मिशन

• कृषि मशीनीकरण मिशन

• हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट मिशन

• प्राकृतिक खेती मिशन

• डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन

• पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना

• मखाना एवं मधुमक्खी पालन विकास

• कृषि वानिकी और बांस मिशन

संबंधित समाचार