यह जनादेश का अपमान... ममता-अखिलेश की मुलाकात पर योगी के मंत्री कपिल देव का तंज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मुलाकात पर तीखा तंज कसा है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव ममता बनर्जी से मिलकर उन्हें यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि “दीदी, आप बहुत अच्छी हैं, आप चुनाव नहीं हारी हैं।” 

उन्होंने इसे जनादेश का अपमान और लोकतंत्र का मजाक बताते हुए निंदा की। मंत्री ने कहा, “पश्चिम बंगाल में राजनीतिक वातावरण पूरी तरह बदल चुका है। जनता का फैसला स्वीकार करना लोकतंत्र की मूल भावना है। जब ममता बनर्जी सत्ता में आई थीं, तब भी संवैधानिक प्रक्रिया का पालन हुआ था। अब भी विपक्ष को जनादेश मानकर विपक्षी भूमिका निभानी चाहिए।”

कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच रहे हैं। वहां भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और नई सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। नई सरकार बनने के बाद राज्य को मजबूत नेतृत्व मिलेगा। उन्होंने भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

कपिल देव ने ओवैसी पर बोला हमला

कपिल देव अग्रवाल ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ओवैसी लगातार समाज को भड़काने और मुस्लिम समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।‘वंदे मातरम्’ पर विवाद का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि यह केवल किसी देवी की स्तुति नहीं, बल्कि भारत माता का सम्मान है। कई मुस्लिम कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों ने भी इसका सम्मान किया है। उन्होंने अब्दुल हमीद, रसखान आदि नामों का उदाहरण दिया।

यूपी कानून व्यवस्था पर बोले

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में सख्ती बरती गई है और आज पूरे देश में ‘यूपी मॉडल’ की चर्चा हो रही है।

 

संबंधित समाचार