सुलतानपुर सड़क हादसा : बस की चपेट में आने से एक महिला की मौत, दूसरी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसा डकाही बाईपास के पास उस समय हुआ, जब तीनों महिलाएं हाईवे किनारे बकरी चरा रही थीं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय सुलतानपुर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान बूधापुर गांव निवासी गीता (35 वर्ष) पत्नी शिवबरन, संगीता (40 वर्ष) पत्नी सिकंदर और उर्मिला (51 वर्ष) पत्नी राम प्रसाद के रूप में हुई है।

हादसे में गीता का हाथ और पैर टूट गया, जबकि गंभीर रूप से घायल उर्मिला की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। संगीता का इलाज चल रहा है। टक्कर मारने के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे एक राहगीर ने भागती बस का वीडियो बना लिया।

वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान ट्रैवल्स एजेंसी और गाड़ी नंबर से हो गई। सूचना पर पहुंची लंभुआ कोतवाली पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार