अमेठी में युवक की गोली मारकर हत्या, अवैध पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया था आरोपी, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी। यूपी के अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानापुर गांव में शुक्रवार को दिन-दहाड़े अवैध पिस्टल से एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई और जिला अस्पताल में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्रा के मौसेरे भाई सचिन पांडे ने गांव के ही दीपक पांडे (26) को पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया।

बातचीत के दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो दीपक की छाती में लग गई। घायल युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तुरंत दीपक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी सचिन पांडे की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।

 

संबंधित समाचार