नोएडा में सनसनीखेज वारदात: प्रॉपर्टी विवाद में पिता ने खेला खूनी खेल, नाबालिग बेटे की हत्या कर तालाब में फेंका शव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपने ही 13 वर्षीय बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद में अपने परिवार के लोगों को फंसाने की साजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। 

पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी उन्होंने बताया कि, 7 मई को कासना थाना में सूचना प्राप्त हुई कि करीब 13 वर्षीय एक लड़का लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय बच्चों से पूछताछ की। 

इस दौरान पता चला कि लापता लड़का आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में जाता हुआ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता से गहन पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को बताया कि उसका बेटा गुलिस्तानपुर गांव में उसके एक दोस्त के पास है और वह पुलिस को वहां ले जाकर बच्चे को बरामद करा देगा। 

हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। इसी बीच देर शाम कासना थाना पुलिस को सूचना मिली कि लापता बच्चे का शव सिरसा गांव स्थित 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।  प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे के पिता ने ही कथित रूप से अपने बेटे की हत्या की और शव को तालाब में फेंक दिया। 

पुलिस ने कहा कि आरोपी अपने परिवार के कुछ लोगों को प्रॉपर्टी विवाद में फंसाना चाहता था, जिसके चलते उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।  

संबंधित समाचार