कन्नौज : बिना मान्यता के स्कूल संचालन कराने में तालग्राम बीईओ निलंबित, रमेश चन्द्र चौधरी को एडी बेसिक कानपुर किया गया सम्बद्ध
कन्नौज, अमृत विचार। बिना मान्यता के निजी स्कूल संचालन कराने और शिकायत के बाद भी कार्रवाई न करने के आरोप में खण्ड शिक्षा अधिकारी तालग्राम रमेश चन्द्र चौधरी को निलम्बित कर दिया गया है। साथ ही उनको कानपुर एडी बेसिक में सम्बद्ध किया गया है। बताया गया है कि तालग्राम ब्लॉक इलाके के राजकुमारी मेवाराम हायर सेकेंडरी स्कूल डमरपुरवा की शिकायत बदन सिंह ने कई बार की।
आरोप लगाया कि बिना मान्यता के कई कक्षाएं संचालित की जा रहीं हैं। पूर्व में इसकी जांच भी हुई लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई, इस वजह से मामले की जानकारी शासन स्तर पर दी गई। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश कामता राम पाल की ओर से सहायक शिक्षा निदेशक (शिक्षा निदेशालय प्रयागराज) डॉक्टर बृजेश मिश्र ने बीईओ रमेश चन्द्र चौधरी को निलंबित करने का आदेश जारी किया है। जांच मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक कानपुर को सौंपी गई है। बीईओ तालग्राम के पास नगर शिक्षा अधिकारी कन्नौज का भी चार्ज था।
प्राइवेट स्कूल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने व उसे बंद कराने के निर्देश बीईओ को दिए थे, लेकिन रमेश चन्द्र चौधरी ने कार्रवाई नहीं की। इस वजह से मामले की शिकायत ऊपर तक हुई और बीईओ तालग्राम को निलंबित कर दिया गया। स्कूल स्वामी और शिकायतकर्ता आपस मे रिश्तेदार हैं... संदीप कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी।
