UP प्रवक्ता भर्ती परीक्षा में 4.64 लाख अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा, 9-10 मई को 319 केंद्र पर होगी परीक्षा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा प्रवक्ता संवर्ग के 18 विषयों के 624 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें कुल 4,64,605 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है।

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 17 जनपदों के 319 परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों के परीक्षा कक्षों और महत्वपूर्ण स्थानों को एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है, जिनकी निगरानी जिला कंट्रोल रूम और आयोग के इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की जाएगी। सभी केंद्रों की तकनीकी कनेक्टिविटी का सफल परीक्षण भी पूरा कर लिया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक जनपद में विशेष प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और निगरानी टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नकल माफियाओं और परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

9 मई को प्रथम पाली में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास और शिक्षाशास्त्र सहित छह विषयों तथा द्वितीय पाली में अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य और समाजशास्त्र सहित चार विषयों की परीक्षा होगी वहीं 10 मई को प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत और मनोविज्ञान सहित पांच विषयों तथा द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी और कला सहित चार विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। एआई तकनीक के माध्यम से ऐसे संदिग्ध अभ्यर्थियों की भी पहचान की गई है, जिन्होंने अलग-अलग फोटो या नामों से आवेदन किया है। ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना से बचें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट तथा एक्स हैंडल पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। आयोग ने दोहराया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। अनुचित साधनों के प्रयोग पर उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार