दिसंबर तक कानपुर होगा बाल श्रम मुक्त : मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, जानिए क्या है पूरा प्लान
कानपुर। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कानपुर नगर को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा श्रम विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि आगामी 12 जून को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस तक नगर के 12 वार्डों को बाल श्रम मुक्त किया जाए। इसके लिए श्रम विभाग के श्रम प्रवर्तन अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं प्रोबेशन विभाग संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर निगम के अधिकारियों एवं पार्षदों के साथ बैठक कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के सहयोग से भी बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों के माध्यम से जनपद की सभी 590 ग्राम पंचायतों में सर्वे कर 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों का डाटा संकलित किया जाएगा, जो स्कूल छोड़ चुके हैं अथवा शिक्षा से वंचित हैं। यह सूचना शिक्षा विभाग एवं श्रम विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ऐसे बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ा जा सके।
बैठक में कहा गया कि बाल श्रम एक सामाजिक बुराई है और इसे रोकने के लिए नियोक्ता संगठनों, श्रमिक संगठनों एवं जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक जागरूकता आवश्यक है। बैठक में अपर श्रमायुक्त, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, नगर निगम अधिकारी, पुलिस विभाग से प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा समस्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी उपस्थित रहे।
