केशव मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- 2027 में UP की जनता राहुल-अखिलेश का असली चेहरा बेनकाब कर देगी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वारिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता इन दोनों का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब कर देगी और प्रदेश कांग्रेस-सपा मुक्त होगा। 

केशव मौर्य ने 'एक्‍स' पर पोस्ट किया, ''कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की 'जोड़ी' ने 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का 'झूठा ढिंढोरा' पीटकर जनता को गुमराह करने का 'महापाप' किया था।''

केशव मौर्य ने दावा किया, ''यदि यह दुष्प्रचार नहीं किया गया होता, तो उत्तर प्रदेश में दोनों दलों का खाता भी बमुश्किल ही खुल पाता। लेकिन अब दोनों की पोल खुल चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता इन दोनों का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब कर देगी और प्रदेश कांग्रेस-सपा मुक्त होगा।'' 

उपमुख्‍यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के बाद असम और पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश में भी 'कमल ही कमल' खिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब भ्रम में नहीं है, बल्कि वह विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।  

संबंधित समाचार